भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कहा 😡 छः साल के लिए पार्टी से बाहर किए गए हैं👉 हृदय राम
संगड़ाह में पत्रकार वार्ता में भाजपा नेताओं ने पूर्व विधायक के बयान को बताया भ्रामक
भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप तोमर, पूर्व प्रत्याशी बलबीर चौहान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सहीराम चौहान, जिला उपाध्यक्ष धर्मपाल सूर्या, सचिव सुमित्रा धीमान व भाजयुमो ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र शर्मा आदि ने भाजपा से छः साल के लिए बाहर किए गए पूर्व विधायक हृदय राम चौहान की घर वापसी की चर्चाओं अथवा खबरों को गलत बताया। विश्राम गृह परिसर संगड़ाह में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा नेताओं ने गत विधानसभा चुनाव में बतौर निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में उतरे उक्त पूर्व विधायक द्वारा जारी किए गए पार्टी में घर वापसी संबंधी बयान को भ्रामक तथा आधारहीन बताया।
भाजपाइयों ने कहा कि, पार्टी से छः साल के लिए निष्कासित हृदय राम कांग्रेस नेताओं के इशारे पर भाजपा कार्यकर्ताओं को भ्रमित करने के लिए ऐसे बयान जारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, 2017 के चुनाव में रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार की हार का प्रमुख कारण बने उक्त बागी नेता चुनाव के बाद भी लगातार अपने संगठन लोकहित विकास मंच के माध्यम से सियासी हित साधने के लिए प्रदेश व केंद्र सरकार की आलोचना करते जा रहे हैं। पत्रकारों से बातचीत में भाजपा नेताओं ने कहा कि, हृदय राम खुद को जिस संगठन का मंडल अध्यक्ष बता रहे हैं, वह पार्टी का अधिकृत संगठन नहीं है। उन्होंने कहा कि, विगत विधानसभा चुनाव में पार्टी से बगावत के लिए निष्कासित किए गए पूर्व भाजपा विधायक हृदय राम तथा उनके 22 समर्थकों को दोबारा पार्टी में शामिल किए जाने पर अभी किसी भी तरह का निर्णय नहीं लिया गया है।
जिला भाजपा अध्यक्ष सिरमौर विनय गुप्ता ने भी पूर्व विधायक को पार्टी अथवा पार्टी के किसी भी संगठन में शामिल किए जाने की खबरों को गलत बताया। भाजपाइयों ने कहा कि, गत विधानसभा चुनाव में पूर्व विधायक एवं निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थन में उतरे करीब 500 कार्यकर्ता पहले ही अपनी गलती का एहसास होने के बाद बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। भाजपा नेताओं ने क्षेत्रवासियों, मीडिया कर्मियों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं से विरोधी दलों के ऐसे बयानों से भ्रमित न होने की अपील की। उधर पूर्व भाजपा विधायक हृदय राम द्वारा स्थापित संगठन लोकहित विकास मंच के अध्यक्ष रणजीत चौहान ने उन्हें मिशन मोदी का मंडल अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि, लोकहित मंच की कार्यकारिणी की बैठक में इस बात पर चर्चा की जाएगी की, आगामी लोक सभा चुनाव में भाजपा का समर्थन करना है या नहीं।
Comments
Post a Comment