संगड़ाह के 22 वर्षीय शुभम कुछ मां व बहन ने हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की

मां ने पुलिस अधीक्षक सिरमौर को भी सौंपी शिकायत 

शव मिलने के 22 घंटे बाद एफएसएल टीम पंहुची, तो 2 दिन बाद हुआ पोस्टमार्टम 

स्थानीय लोगों ने नशेड़ियों पर कार्रवाई की मांग की 

संगड़ाह। सिरमौर जिला के उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह मे गत 19 अगस्त को लापता 22 वर्षीय शुभम उर्फ हन्नी का साथ लगते जंगल में शव मिलने के मामले में मृतक की मां सरीता देवी व बहन ने हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। इस बारे आज शनिवार को बयान दर्ज करवाने संगड़ाह पंहुची शुभम की मां सरीता देवी गत 26 अगस्त को हत्या का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर शिकायत सौंप चुकी है, हालांकि संगड़ाह पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अब तक गुमशुदगी के अलावा अन्य किसी भी धारा के तहत मामला दर्ज नहीं किया गया है। 

 

परिजनों के अनुसार 19 अगस्त को अपने कुछ नशेड़ी साथियों के साथ गया शुभम रात को घर नहीं लौटा तो अगले दिन उन्होंने संगड़ाह थाने में शिकायत दर्ज करवाई। 21 को हालांकि उसका शव साथ लगते जंगल में नवयुवक मंडल जावगाधार के सदस्यों व पुलिस को मिल चुका था मगर फोरेंसिक टीम के करीब 22 घंटे बाद पंहुचने व पोस्टमार्टम में हुई देरी के चलते परिजनों को 2 दिन बाद सौंपा गया और तब जाकर अंतिम संस्कार हो सका। जानकारी के अनुसार संगड़ाह अस्पताल से पोस्टमार्टम व विशेषज्ञ की राय के लिए शव मेडिकल कॉलेज नाहन भेजने को कहा गया और वहीं पोस्टमार्टम हुआ। आज पीड़ित परिवार के साथ पुलिस थाना संगड़ाह पंहुचे मौजूद पूर्व पंचायत प्रधान जगत सिंह तथा अभागे युवक के पिता व मां ने पुलिस व सरकार से स्थानीय नशेड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की ताकी फिर किसी के घर का चिराग न उजड़े। बताया यह भी जा रहा है कि, पुलिस थाना संगड़ाह में आज फिर उसके कुछ साथियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। 
शुभम का शव संदिग्ध परिस्थितियों में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी व वालिया लाइमस्टोन माईन संगड़ाह के बीच नाले नुमा वीरान जगह में बरामद होने को लेकर लोग हत्या की आशंका जता रहे है। गौरतलब है कि, पिछले साल 17 अगस्त को हरियाली मेला संगड़ाह के दौरान भी साथ लगते गांव कड़ियाना का नरेश शर्मा उम्र 27 वर्ष भी इसी तरह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ था और उसका शव करीब 4 माह बाद जंगल में मिला था। नरेश की मां ने इस संदिग्ध मौत अथवा हत्या की आशंका जताते हुए गत 11 अप्रैल को मुख्यमंत्री को लिखित शिकायत भेज इस मामले की सीआईडी अथवा सीबीआई जांच की भी मांग की थी। लोग सोशल मीडिया पर ऐसी वारदातों का संबंध नशे से होने को लेकर भी चर्चा कर रहे हैं और कईं बार चिट्टोरिए अथवा नशेड़ी युवकों द्वारा हैलिपैड के आसपास व जंगलों में शोर शराबा करने की भी बात कर रहे हैं।

Comments